UP TGT-PGT अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर चंद्रशेखर रावण ने योगी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर सवाल खड़े करते हुए लिखा कि ‘प्रयागराज के पत्थर गिरजाघर पर UP TGT-PGT अभ्यर्थी 6 जून से 31 अगस्त तक लगातार धरना-प्रदर्शन करते रहे. इसके बाद 5 सितंबर से पांच विद्यार्थी आमरण अनशन पर बैठे हैं और आज 15वां दिन है. लगातार आमरण अनशन से छात्रों की तबीयत बिगड़ रही है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस और सार्थक पहल नहीं हुई है. यह बेहद गंभीर और चिंताजनक है.’
रावण ने आगे लिखा कि ‘9 सितंबर की रात छात्रों को जबरन हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने अस्पताल में भी आमरण अनशन जारी रखा. अब आंदोलन की गंभीरता इस हद तक पहुंच गई है कि अभ्यर्थियों ने कफन ओढ़कर विरोध जताया है. हम आमरण अनशन पर बैठे सभी छात्रों की कुशलता और बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हैं.’
इसे भी पढ़ें : सरकार के इशारे पर उनके खिलाफ…रामनगरी में गरजे चंद्रशेखर आजाद, सरकार पर तीखा हमला करते हुए किए कई बड़े वादे
चंद्रशेखर ने सीएम योगी को संबोधित करते हुए एक्स पर लिखा कि ‘हजारों अभ्यर्थी महीनों से न्यायपूर्ण अवसर के लिए संघर्ष कर रहे हैं. पांच विद्यार्थी 15 दिनों से आमरण अनशन पर हैं और उनकी तबीयत बिगड़ रही है, लेकिन आपकी सरकार की चुप्पी नहीं टूट रही. आखिर छात्रों की आवाज सुनने के लिए सरकार को और कितने छात्रों के बीमार होने का इंतजार है? छात्रों के साथ यह संवेदनहीन रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. योगी सरकार तत्काल आंदोलनरत छात्रों से वार्ता कर उनकी समस्याओं का न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करे.”



