Chang School Ground : चांग (भिवानी)। गांव चांग स्थित सरकारी स्कूल के खेल मैदान की बदहाली को लेकर युवाओं और ग्रामीणों की ओर से उठाई गई आवाज का असर अब दिखाई देने लगा है। सीजेपी की ओर से इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद प्रशासन ने स्कूल ग्राउंड की स्थिति सुधारने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार सुबह अधिकारियों ने गांव में चल रहे सफाई अभियान के दौरान स्कूल ग्राउंड का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद समस्याओं का जायजा लिया।
ग्राउंड में लंबे समय से पानी की लीकेज की समस्या बनी हुई थी, जिसके कारण मैदान की हालत खराब हो रही थी। अधिकारियों के निर्देश के बाद पंचायत विभाग के कर्मचारियों ने बरसाती पानी की निकासी से जुड़ी लीकेज को ठीक करने का काम शुरू किया। विभाग की टीम ने दिनभर मौके पर काम किया और शाम तक एक लीकेज को ठीक कर दिया।
पब्लिक हेल्थ विभाग ने भी शुरू किया काम
स्कूल ग्राउंड में पानी की समस्या को देखते हुए पब्लिक हेल्थ विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने देर शाम तक पानी की लाइन में हो रही एक लीकेज को ठीक किया। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्राउंड में पानी की समस्या पैदा करने वाली अन्य लीकेज की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने सभी लीकेज को जल्द ठीक करने का आश्वासन दिया है। इसके लिए विभाग की ओर से करीब एक सप्ताह का समय मांगा गया है। इसके बाद ग्राउंड में साफ-सफाई का काम भी पूरा करने की बात कही गई है।
ग्राउंड को दोबारा विकसित करने की प्रक्रिया होगी शुरू
सीजेपी से जुड़े रोहित दहिया ने बताया कि अधिकारियों की ओर से अब पूरा सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर ग्राउंड की पूरी तरह साफ-सफाई करवाने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही मैदान को दोबारा विकसित करने के लिए जल्द कागजी कार्रवाई शुरू करने की बात भी कही गई है।
सेवानिवृत्त डीपीई राजेश ढांडा ने बताया कि अधिकारियों ने सुबह ही स्कूल ग्राउंड का निरीक्षण किया था। उन्होंने कहा कि मैदान की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सरपंच प्रतिनिधि ने भी दिया आश्वासन
सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप रंगा ने युवाओं और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पंचायत की ओर से स्कूल ग्राउंड को दोबारा तैयार करवाने की प्रक्रिया जल्द शुरू करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मैदान से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
युवाओं और ग्रामीणों की मांग के बाद प्रशासन की ओर से शुरू की गई इस कार्रवाई से अब स्कूल ग्राउंड के दोबारा बेहतर होने की उम्मीद जगी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



