पंकज श्रीवास्तव, छपरा। शहर के तेलपा स्थित बिजली ऑफिस परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब 5 घंटे तक टावर पर बैठा रहा। शुरुआत में लोगों को मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने का अंदेशा था, लेकिन बाद में सामने आया कि युवक साइबर ठगी का शिकार होने के बाद कार्रवाई से परेशान था।

अचानक खाते में आए 50 लाख, फिर गायब

युवक के अनुसार, वह ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगों के संपर्क में आया था। इसी दौरान उसके बैंक खाते में करीब 50 लाख रुपये की राशि आई और कुछ ही समय में वह राशि खाते से गायब भी हो गई। बाद में साइबर थाना की ओर से उसके खाते में आई इस रकम को लेकर उसे फ्रॉडिंग से संबंधित नोटिस मिला और उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कर दी गई।

परेशान युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ा

युवक का कहना है कि वह खुद इस पूरे मामले में साइबर ठगी का शिकार हुआ है। वहीं, अब उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने से नाराज होकर वह तेलपा बिजली ऑफिस परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों वहीं बैठा रहा। घटना की सूचना मिलने के बाद टाउन थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाया-बुझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतारा गया।

युवक ने की उचित कार्रवाई और न्याय की मांग

नीचे आने के बाद युवक ने मीडिया के सामने अपनी पूरी आपबीती बताई। उसने बताया कि किस तरह वह ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगों के जाल में फंस गया, उसके खाते में 50 लाख रुपये आए और तुरंत निकल गए तथा बाद में उसे ही नोटिस और एफआईआर का सामना करना पड़ा। युवक ने पूरे मामले में उचित कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

ये भी पढ़ें- चारों तरफ पानी ही पानी…बीच चट्टान पर फंसे दो युवक, मांझर कुंड वाटरफॉल का खौफनाक VIDEO वायरल