Char dham Yatra 2026. आज से चारधाम यात्रा 2026 (Chardham Yatra 2026) की शुरुआत हो रही है. यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा का शुभारंभ होगा. गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12.15 पर खुलेंगे. वहीं 2.35 पर यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे. गंगा जी की भोग मूर्ति पहले पड़ाव से रवाना हो चुकी है. भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई है. जो कि गंगोत्री धाम पहुंचेगी.

बता दें कि शनिवार को मां गंगा की भोग मूर्ति विग्रह डोली अभिजीत मुहूर्त में गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई थी. इस विशेष अवसर के लिए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों और देश के विभिन्न प्रदेशों से श्रद्धालु मुखबा पहुंचे थे. गंगा जी की भोग मूर्ति, विग्रह डोली में शनिवार दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर अभिजीत मुहूर्त में आर्मी बैंड और ढोल दमाऊं की अगुवाई और मुखबा धराली के समेश्वर देवता की देवडोली के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना किया गया था. तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं के साथ गंगा की डोली मुखबा-जांगला के 7 किमी के जोखिम भरे मार्ग से होते हुए उसके बाद डोली रात्रि विश्राम के लिए भैरों घाटी पहुंची.

इसे भी पढ़ें : Char Dham Yatra 2026: सीएम धामी ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं, कहा- यात्रा सुगम व सफल हो

बता दें कि चारधाम यात्रा (Chardham Yatra 2026) को व्यवस्थित बनाने के लिए शासन स्तर पर सारी तैयारियां की जा रही है. बीते दिनों आवास विभाग के सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने जनपद चमोली के गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में निर्माणाधीन और प्रस्तावित पार्किंग परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया था. निरीक्षण के दौरान सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के अनुरूप चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है.

सीएम ने किया श्रद्धालुओं का स्वागत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में रविवार 19 अप्रैल से प्रारम्भ हो रही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की है. मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा हेतु आए सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि वे बाबा केदार, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री और बद्री विशाल से प्रार्थना करते हैं कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी चारधाम यात्रा सकुशल संपन्न हो. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा अपने पिछले सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ेगी. राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए प्रयासरत है. इस संबंध में प्रत्येक स्तर पर चारधाम यात्रा संबंधी तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि जो भी श्रद्धालु, यात्रा पर आएं, वे देवभूमि उत्तराखण्ड में बिताए गए समय की स्वर्णिम यादों को साथ लेकर जाएं.