चतरा। चतरा में सोमवार रात तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से घायल तीन लोगों में से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रंगवारा निवासी अरविंद सिंह के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल अरविंद को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे में हफुआ निवासी रतन सिंह की पत्नी और डोंडा निवासी मुकेश सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज जारी है। अरविंद सिंह की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने हफुआ में सड़क जाम कर दिया।

मुआवजे और कार्रवाई की मांग, सड़क पर उतरे ग्रामीण

सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने हादसे के जिम्मेदार हाईवा चालक के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कोयले की ढुलाई के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाए जाते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया।

एक दिन पहले ही जब्त हुए थे पांच हाईवा

गौरतलब है कि हादसे से एक दिन पहले सोमवार को ही सीआईएसएफ और सीसीएल ने चतरा के मगध परियोजना क्षेत्र में कोयला चोरी के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस दौरान पांच हाईवा जब्त किए गए थे और जंगल से करीब 250 टन अवैध कोयला बरामद किया गया था।