सुनील उपाध्याय, छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्री कृष्ण पर की गई एक टिप्पणी को लेकर विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। बाबा बागेश्वर द्वारा भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से विवाद गहरा गया है। हालांकि इसके बाद बाबा ने खुद एक वीडियो जारी कर माफी मांग ली थी और स्पष्ट किया था कि वे स्वयं कृष्ण भक्त हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों में आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है और इसी के विरोध में बाबा के गृह जिले छतरपुर में लोग सड़कों पर उतर आए हैं।
सड़कों पर उतरा यादव समाज और सनातन धर्म के लोग
छतरपुर में सनातन धर्म और यादव समाज के लोगों ने प्रदर्शन करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला फूंका और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सनातनियों को बांटने वाले इस तरह के बयान बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उनका तर्क है कि राम और कृष्ण दोनों एक ही हैं और उनमें भेद करने वाले बयानों से श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है। विरोध प्रदर्शन के दौरान उग्र हुए लोगों ने पुतला जलाकर आक्रोश जताया और नाराजगी जाहिर की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

