सुनील उपाध्याय, छतरपुर। छतरपुर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम से आगामी 11 तारीख को तीसरी ‘हिंदू सनातन एकता रथ यात्रा’ का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। यात्रा को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सनातन एकता रथ यात्रा गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम से प्रारंभ होकर बमीठा, चंद्रनगर होते हुए पन्ना जिले समेत बुंदेलखंड के अन्य जिलों में भ्रमण करेगी। इसके बाद 15 तारीख को एक भव्य यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान के साथ इस यात्रा का समापन होगा।
हजारों की भीड़ जुटने की संभावना
पुलिस प्रशासन के अनुसार, पूर्व में आयोजित हुई पैदल यात्राओं और आगामी त्योहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। एसपी ने बताया कि यह यात्रा वाहनों के माध्यम से आयोजित होगी, जिसमें देश भर से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यदि आवश्यकता पड़ी तो पुलिस जोन कार्यालय और पड़ोसी जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि पूरी यात्रा निर्विघ्न और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
छतरपुर रेलवे स्टेशन ग्राउंड का लिया जायजा
कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने छतरपुर रेलवे स्टेशन ग्राउंड स्थित आयोजन स्थल पर पहुंचकर आयोजन समिति के साथ व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों, ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा घेरे को लेकर बारीकी से समीक्षा की गई। पुलिस-प्रशासन का पूरा प्रयास है कि यात्रा और समापन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान आम जनता और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

