राकेश चतुर्वेदी, छतरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मध्यप्रदेश के छतरपुर से एक बेहद दिलचस्प और मनमोहक तस्वीर सामने आई है। छतरपुर से भाजपा विधायक ललिता यादव का एक अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने पारंपरिक बुंदेली भाषा में लोकगीत गाकर पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और साथ ही स्वच्छता का संदेश भी दिया।

‘मोदी जन्मे आधी रात…’ गाकर उत्सवी बनाया माहौल 

कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्ज्वलन के बाद आयोजित संगीत संध्या में विधायक ललिता यादव ने खुद माइक संभाला। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज में बुंदेली लोकगीत प्रस्तुत किया- “मोदी जन्मे आधी रात, लंबे-लंबे केश गुलाबी अखियां, मोदी जन्मे आधी रात, लडुवा चढ़ाये सखियाँ…”। विधायक के इस लोकगीत को सुनते ही समारोह में मौजूद लोग झूम उठे और पूरा माहौल उत्सवी हो गया।

प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा नेता रहे मौजूद 

इस विशेष समारोह में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ कई प्रमुख भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विधायक के इस अनूठे अंदाज की तारीफ की।

सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा वीडियो 

लोकप्रिय नेता का अपनी माटी की बोली और संस्कृति में देश के प्रधानमंत्री को बधाई देने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर जमकर शेयर किया जा रहा है।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m