सुनील उपाध्याय, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के खजुराहो से एक मामला सामने आया है, जहां सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित सरकारी कैंप में खाली कुर्सियां देखकर राजनगर से बीजेपी विधायक अरविंद पटेरिया बुरी तरह भड़क उठे। कैंप में शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी तो थी, लेकिन जनता न के बराबर पहुंची थी। यह नजारा देखते ही विधायक का पारा चढ़ गया और उन्होंने मंच से ही उपस्थित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
‘कर्मचारियों को हटा दें तो इससे ज्यादा भीड़ मेरे घर पर रहती है’
मंच से अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए विधायक अरविंद पटेरिया ने कहा कि अगर यहां से कर्मचारियों को हटा दिया जाए, तो इससे ज्यादा भीड़ तो मेरे घर पर लगती है। लोगों को मेरे पास आने पर भरोसा है कि उनका काम हो जाएगा लेकिन उन्हें यहां आने से भरोसा नहीं है कि काम होगा। उन्होंने आगे कहा कि अधिकारी-कर्मचारी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, इसी वजह से जनता का विश्वास खत्म हो रहा है और लोग कैंप में नहीं आ रहे हैं।
जनता का विश्वास जीतने की दी नसीहत, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
विधायक ने मंच से सख्त लहजे में अधिकारियों को हिदायत दी कि वे अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और ठीक से काम करें, ताकि जनता का भरोसा शासन-प्रशासन पर बन सके। विधायक द्वारा भरी सभा में अधिकारियों की क्लास लगाने और फटकारने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

