सुनील उपाध्याय, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी एक बेहद डराने वाली और लापरवाह तस्वीर सामने आई है। जिले के भगवां संकुल अंतर्गत आने वाले सोरखी स्कूल में बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) की गुणवत्ता पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है, क्योंकि तैयार किए गए भोजन में एक छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोरखी स्कूल में नेहमी की तरह छोटे-छोटे बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसा जा रहा था। इसी दौरान भोजन की थाली में छिपकली दिखाई दी, जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह भोजन समूह संचालक लखन यादव की देखरेख और जिम्मेदारी में तैयार किया गया था। इस गंभीर लापरवाही के सामने आने के बाद समूह संचालक की कार्यशैली पर भारी सवाल खड़े हो रहे हैं। गनीमत यह रही कि समय रहते छिपकली पर नजर पड़ गई और बच्चों ने वह दूषित भोजन नहीं खाया, वरना कोई बड़ी अनहोनी या जनहानि घटित हो सकती थी।

ग्रामीणों में रोष

इस पूरी घटना का वीडियो स्थानीय ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद से बच्चों के अभिभावकों में भारी चिंता और आक्रोश का माहौल है। माता-पिता का कहना है कि अगर स्कूलों में बच्चों को ऐसा ज़हरीला और असुरक्षित खाना परोसा जाएगा, तो उनके नौनिहालों की जान को हमेशा खतरा बना रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m