चंकी बाजपेयी, इंदौर। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर आ रहे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम के 10 लाख रुपये के किराए को लेकर प्रशासन और भाजपा पर निशाना साधा, साथ ही स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह गैर-राजनीतिक छात्र संवाद कार्यक्रम है।
10 लाख के किराए पर पटवारी का पलटवार
स्टेडियम के किराए के सवाल पर जीतू पटवारी ने कहा कि प्रशासन ने 10 लाख रुपये का किराया मांगा है, जिसे कांग्रेस चुकाने को तैयार है। उन्होंने तंज कसा कि “10 करोड़ रुपये का किराया मांगते, तो भी हम चंदा इकट्ठा करके दे देते।”
अटल जी के दौर की दिलाई याद, बीजेपी पर साधा निशाना
बीजेपी की आपत्तियों पर पलटवार करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और भाजपा के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई आते थे, तब कांग्रेस नेता उनका स्वागत और अभिनंदन करते थे। आज राहुल गांधी के छात्रों से संवाद कार्यक्रम पर राजनीति की जा रही है। “यह कार्यक्रम विशुद्ध रूप से छात्रों की आवाज का है। मंच से लेकर मैदान तक कोई कांग्रेसी नेता नहीं बैठेगा, यहां तक कि मैं भी मंच पर नहीं चढ़ूंगा। कार्यक्रम में छात्र अपनी बात रखेंगे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।”
शिक्षा नीति और सहभागिता का आह्वान
प्रेस वार्ता के दौरान जीतू पटवारी ने नई शिक्षा नीति और छात्र-युवाओं के मुद्दों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा सहित सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि छात्रहित के मुद्दों पर राजनीति से ऊपर उठकर सामूहिक रूप से काम करने की आवश्यकता है। 19 सितंबर के इस कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन तेजी से किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने आयोजन को भव्य बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



