कोंडागांव। जिले के केशकाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बेडमा में बुधवार को आयोजित एक शादी समारोह उस समय खास बन गया, जब वहां अचानक विदेशी पर्यटकों की मौजूदगी ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच विदेशी मेहमानों की भागीदारी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

narayana

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे नायक परिवार में विवाह कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान जगदलपुर की ओर जा रहे कुछ विदेशी पर्यटक कार्यक्रम स्थल के पास रुके और उत्सुकतावश शादी समारोह को देखने पहुंच गए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे दूल्हा-दुल्हन को देखकर वे काफी प्रभावित हुए और इस खास मौके को अपने कैमरों में कैद करने लगे।

धीरे-धीरे विदेशी मेहमानों का उत्साह बढ़ता गया और वे डीजे की धुन पर खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। बारातियों के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी जमकर नाचे। खास बात यह रही कि जहां विदेशी मेहमान बारातियों के साथ डांस कर रहे थे, वहीं बाराती भी उनके साथ तस्वीरें लेने में व्यस्त नजर आए।

डीजे पर बज रहे शादी के गीतों के बीच विदेशी पर्यटकों ने रंग-गुलाल के साथ जमकर डांस किया। उनका यह अंदाज ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया। देखते ही देखते गांव के लोग भी इस खुशी में शामिल हो गए और पूरा माहौल उत्सव में तब्दील हो गया। हंसी-खुशी, संगीत और रंगों के बीच एक अनोखा सांस्कृतिक संगम देखने को मिला।

देखें VIDEO

ग्रामीणों ने विदेशी मेहमानों का दिल खोलकर स्वागत किया और उन्हें भारतीय परंपरा और आतिथ्य का अनुभव कराया। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन भी बेहद खुश नजर आए और उन्होंने भी इस खास पल का भरपूर आनंद लिया।

ग्राम बेडमा की यह अनोखी शादी अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भारतीय संस्कृति और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना दुनिया भर के लोगों को जोड़ने का काम करती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H