Sangod Municipality Election 2026: नगरपालिका चुनाव में वार्ड 23 से निर्दलीय प्रत्याशी चौथमल सुमन की जीत की कहानी उनके लंबे संघर्ष से जुड़ी है। वह इससे पहले दो बार खुद चुनाव लड़ चुके थे, लेकिन दोनों बार हार मिली। महिला सीट आने पर उन्होंने अपनी पत्नी को भी चुनाव मैदान में उतारा, वहां भी सफलता नहीं मिली। तीन बार नतीजे खिलाफ आने के बाद भी चौथमल क्षेत्र के लोगों के बीच सक्रिय रहे। इस बार चौथी कोशिश में उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों के प्रत्याशियों को हराकर जीत दर्ज की।

2019 में नामांकन के पैसे भी नहीं थे
चौथमल के चुनावी संघर्ष की सबसे अलग तस्वीर 2019 में सामने आई। उस समय नामांकन दाखिल करने तक के पैसे उनके पास नहीं थे। उन्होंने ठेला लेकर लोगों के बीच जाकर चंदा जुटाया। इसी रकम से नामांकन दाखिल किया और चुनाव लड़ा। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा। चुनाव हारने के बाद भी चौथमल ने लोगों से संपर्क बनाए रखा। राजनीतिक सक्रियता जारी रखी। क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी आवाजाही बनी रही।
नल कनेक्शन और पाइपलाइन मरम्मत का काम
चौथमल परिवार की आजीविका के लिए नल कनेक्शन लगाने और जलापूर्ति लाइनों की मरम्मत का काम करते हैं। कई बार काम नहीं मिलने पर मजदूरी भी करते हैं। इसके बावजूद उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने का सिलसिला नहीं छोड़ा। इस बार उन्होंने वार्ड 23 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा। लगातार तीन असफल प्रयासों के बाद चौथी बार मतदाताओं ने उन्हें जीत दिलाई।
भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों को पीछे छोड़ा
वार्ड 23 के चुनाव में चौथमल ने भाजपा और कांग्रेस दोनों के प्रत्याशियों को शिकस्त दी। जीत के बाद उन्होंने इसे लगातार प्रयास और धैर्य का परिणाम बताया। उनकी कहानी में चुनाव लड़ने से ज्यादा अहम यह है कि हार के बाद भी उन्होंने क्षेत्र से अपना संपर्क नहीं तोड़ा। 2019 में नामांकन के लिए चंदा जुटाने से शुरू हुआ संघर्ष अब नगरपालिका की चौखट तक पहुंच चुका है।
चुनाव खर्च का हिसाब भी देना होगा
नगर निकाय आम चुनाव-2026 में वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ने वाले सभी अभ्यर्थियों को निर्वाचन व्यय का लेखा परिणाम घोषित होने के 15 दिन के भीतर संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी या अधिकृत अधिकारी को देना होगा। इसमें वाहन किराया, लाउडस्पीकर, पंपलेट, पोस्टर और अन्य चुनावी खर्च का ब्यौरा निर्धारित प्रारूप में देना होगा। यह विवरण राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान सिआम में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक प्रभारी अधिकारी, निर्वाचन व्यय लेखा प्रकोष्ठ को प्रस्तुत करना होगा।
पढ़ें ये खबरें
- पुलिसकर्मी पर चिट्टा बेचने का आरोप! 40 मिनट तक थाने के बाहर हंगामा; सस्पेंड कर जांच शुरू
- लव ट्रायंगल में नाबालिग की हत्या: पत्थर से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
- बेगूसराय में प्रसव के दौरान गर्भस्थ शिशु की मौत, परिजनों ने लगाया चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही का आरोप
- राई में शराब से भरा कंटेनर पकड़ा, 23 लाख की 436 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद
- शराबी युवक का बिजली पोल पर हाई वोल्टेज ड्रामा, चौक पर लगा गया लोगों का हुजूम, देखिए वीडियो…



