सत्या राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, प्रदेश के 24 परीक्षा केंद्रों में कुल 34,604 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में सबसे अधिक छह-छह केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा दुर्ग और भिलाई में चार-चार, बस्तर संभाग के जगदलपुर में दो तथा जांजगीर-चांपा के चांपा और सरगुजा में एक-एक केंद्र निर्धारित किया गया है। परीक्षा केंद्रों से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ उपलब्ध कराए गए हैं।
तीन पालियों में होगी परीक्षा
सीबीटी परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4:30 से 6:30 बजे तक चलेगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पहुंचना होगा। पहली पाली के लिए सुबह 7 बजे, दूसरी पाली के लिए सुबह 11 बजे और तीसरी पाली के लिए दोपहर 3 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
100 अंकों का होगा प्रश्नपत्र, गलत जवाब पर कटेंगे अंक
परीक्षा में प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। प्रश्नपत्र में कुल 100 सवाल होंगे और पूर्णांक भी 100 अंक रहेगा। हर सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत जवाब देने पर एक चौथाई अंक यानी 0.25 अंक काटे जाएंगे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तरों का मॉडल उत्तर जारी किया जाएगा।
प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र जरूरी
लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र भी ले जाना अनिवार्य होगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

