रायपुर। राज्य गठन के 26 और राजभाषा बनने के 16 वर्षों बाद भी छत्तीसगढ़ी भाषा को लेकर राज्य के अंदर ही अपने लोगों के बीच संघर्ष जारी है. निवेदन-प्रतिवेदन, ज्ञापन-विज्ञापन के साथ सतत् धरना-आंदोलन-प्रदर्शन सत्याग्रह और अनशन भी जारी है. यही स्थिति 2 अक्टूबर गांधी जयंती के मौके पर एक बार फिर देखने को मिली. राज्य निर्माण आंदोलन के स्थल रहे आजाद चौक पर छत्तीसगढ़ी भाषियों ने एक दिन का सत्याग्रह और अनशन किया.

एमए छत्तीसगढ़ी छात्र संगठन और मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी की ओर से आयोजित सत्याग्रह-अनशन में बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग जुटे. मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी के संरक्षक और महतारीभाषा जागरण के नायक नंदकिशोर शुक्ल 85 वर्ष की अवस्था में न सिर्फ सत्याग्रह में शामिल होने बिलासपुर से रायपुर पहुंचे, बल्कि कार्यक्रम में उन्होंने हुंकार भरते हुए सरकार को चेतावनी भी दी.

शुक्ल ने कहा कि शिक्षा का अधिकार कानून 2009 से लेकर नई शिक्षा नीति-2020 लागू होने के बाद भी मातृभाषा में शिक्षा नहीं दी जा रही है. इसे लेकर छत्तीसगढ़ी समाज में आक्रोश लगातार बढ़ते ही जा रहा है. राज्य में अधिकारी लगातार शासन को गुमराह कर एक विषय पर जोर दे रहे हैं. मैं इस मंच से यह कहना चाहता हूं कि छत्तीसगढ़ी में एक विषय की पढ़ाई-लिखाई हमें कतई मान्य नहीं है. हमारी मांग स्पष्ट है. पहली से बारहवीं तक अनिवार्य रूप से माध्यम भाषा छत्तीसगढ़ी में सभी विषयों की पढ़ाई कराई जाए. जब तक मांग पूरी नहीं होगी हम इसी तरह से अपने आंदोलन को जारी रखेंगे.

एमए छत्तीसगढ़ी छात्र संगठन के नेता और कार्यक्रम संयोजक जितेन्द्र साहू ने कहा कि यह हम सबके लिए बेहद दुर्भाग्यजनक है कि हमें अपने ही राज्य में अपनी मातृभाषा के लिए अपने ही लोगों से लड़ना पर रहा है. हमारी ये लड़ाई निरंतर जारी रहेगी. आज एक दिवसीय इस अनशन में 15 साथी बैठे थे. हमारी बहुत सहज और सरल मांग सरकार से है. 12वीं तक अनिवार्य छत्तीसगढ़ी माध्यम में पढ़ाई, एमए छत्तीसगढ़ी डिग्रीधारी मन ल नौकरी, सरकारी काम-काज में छत्तीसगढ़ी, तहसील स्तर पर छत्तीसगढ़ी राजभासा अधिकारी की नियुक्ति, अस्पतालों में छत्तीसगढ़ी काउंसलर की भर्ती, स्कूल और कॉलेजों में छत्तीसगढ़ी शिक्षकों की भर्ती की मांग की जा रही है.

कार्यक्रम को ठा. रामगुलाम, दिलीप मिरी, अजय यादव, लता राठौर, जोशी बहनें, डॉ. सुधीर शर्मा, विजय मिश्रा, उदयभान सिंह, अनिल दुबे, रामेश्वर शर्मा सहित कई नेताओं, कलाकारों और शिक्षाविदों ने संबोधित किया.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m