शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां पुलिस कंट्रोल रूम में आग लग गई। धुआं उठता देख पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। वहीं जवानों और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मिलकर आग पर काबू पाया, लेकिन इस घटना में बरसों पुराना रिकॉर्ड जलकर राख हो गया है। यह हादसा है या फिर साजिश ? आग कैसे लगी ? इसका कारण फिलहाल अज्ञात है।
छिंदवाड़ा के पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम के रिकॉर्ड रूम में रविवार दोपहर 1:30 बजे आग लग गई। लाइन में मौजूद पुलिस बल ने आग को काबू करने का प्रयास किया और साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद इसमें सफलता मिली।
ये भी पढ़ें: पांढुर्णा में आग ने मचाई तबाही: 20 घर जलकर राख, दर्जनों पशुओं ने तोड़ा दम
बताया जा रहा है कि रिकॉर्ड रूम में पुलिस विभाग का महत्वपूर्ण रिकार्ड मौजूद था, जो जलकर राख हो गया। रिकॉर्ड रूम के साथ ही पुलिस विभाग के साइबर सेल का इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल रूम भी था। अगर समय पर आग को काबू नहीं पाया जाता तो पुलिस विभाग का पूरा कम्युनिकेशन सिस्टम और साइबर सेल जलकर राख हो जाता, लेकिन समय पर कारवाई होने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।

