शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव ब्लॉक के चीटीपाठा जामुनडोंग टोले में सड़क की बदहाली ने एक गर्भवती महिला की जिंदगी को मुश्किल में डाल दिया। गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को करीब 8 किलोमीटर तक डोली के सहारे पैदल चलना पड़ा। गांव तक पक्की सड़क न होने के कारण 108 एंबुलेंस टोले तक नहीं पहुंच सकी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद गर्भस्थ शिशु की मौत की पुष्टि की।
READ MORE: अग्निवीर जवान ने शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, 2 बार प्रेग्नेंट हुई तो कराया अबॉर्शन, जहर देकर उतारा मौत के घाट
महिला की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। चीटीपाठा जामुनडोंग निवासी सोनू मलगाम की पत्नी कुस्तरिया को गुरुवार सुबह अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस बुलाई, लेकिन टोले तक सड़क न होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाई। ऐसे में सरपंच, परिजन और ग्रामीणों ने लकड़ी व कपड़े की मदद से डोली तैयार की और महिला को उसमें बैठाकर पैदल निकल पड़े।उ बड़-खाबड़ और कठिन रास्ते से करीब 8 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद ग्रामीण महिला को गोप गांव तक लेकर पहुंचे। वहां से 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें दमुआ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर आगे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जांच में गर्भस्थ शिशु की मौत की पुष्टि हुई, जबकि महिला को आईसीयू में रखा गया है।
READ MORE: उमरिया में स्वास्थ्य सेवाओ की खुली पोल: टिटनेस का इंजेक्शन लगवाने गई महिला को स्वास्थ्य केंद्र से लौटाया, दोबारा कलेक्टर को साथ लेकर पहुंची पीड़िता
ग्रामीणों का कहना है कि चीटीपाठा जामुनडोंग टोले में करीब 125 परिवार रहते हैं। आजादी के कई दशक बाद भी यहां पक्की सड़क समेत कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है। आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाता है।इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण और बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

