Chhipabarod Girls Hostel Case: राजस्थान के बारां जिले के छीपाबड़ौद उपखंड स्थित पछाड़ जनजाति कन्या आश्रम छात्रावास में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी का मामला सामने आया है। छात्राओं ने छात्रावास की महिला कोच के पति पर शराब के नशे में परिसर में घुसने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं।

छात्रावास अधीक्षक ममता गौतम ने पहले स्थानीय थाने में शिकायत दी थी। रविवार को उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक (SP) को लिखित परिवाद भेजकर कार्रवाई और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

गेट पर ताला होने के बावजूद अंदर घुसने का आरोप

छात्राओं का आरोप है कि महिला कोच का पति आए दिन नशे की हालत में छात्रावास पहुंचता है और विरोध करने पर गाली-गलौज करता है। शनिवार शाम करीब 6 बजे मुख्य गेट पर ताला लगा था। इसके बावजूद वह कथित तौर पर गेट फांदकर परिसर में घुस आया। छात्राओं के मुताबिक, इस दौरान उसने कई छात्राओं को गलत तरीके से छुआ और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर छात्राओं के चिल्लाने का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही गई है।

अधीक्षक ने SP को भेजा परिवाद

छात्रावास अधीक्षक ममता गौतम ने बताया कि इस मामले में पहले छीपाबड़ौद थाने में शिकायत दी गई थी। उनके मुताबिक, पुलिस की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जाने के बाद रविवार को जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित परिवाद भेजा गया। पत्र में उन्होंने छात्राओं के साथ कथित अभद्रता पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद छात्राएं मानसिक तनाव में हैं। अधीक्षक ने पुलिस से मामले में जल्द और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी दी जानकारी

ममता गौतम के अनुसार, घटना की जानकारी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भी दी गई है। विभाग को विस्तृत रिपोर्ट भेजकर प्रशासनिक स्तर पर हस्तक्षेप करने और छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

पुलिस बोली, दोनों पक्षों की शिकायतें मिलीं

दूसरी ओर, छीपाबड़ौद थानाधिकारी गंभीर सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला छात्रावास अधीक्षक और महिला कोच के पति के बीच आपसी विवाद का प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि थाने में दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। थानाधिकारी के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है। वहीं, छात्राओं ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच के निष्कर्ष और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

पढ़ें ये खबरें