शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मध्य प्रदेश दौरा तय हो गया है। उनका यह दौरा चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त 4 जुलाई की दोपहर बाद इंदौर पहुंचेंगे। शाम 4 बजे वे लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित बीएलओ कॉन्फ्रेंस में इंदौर, उज्जैन, देवास, धार और खंडवा जिले के 1,500 से अधिक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान वे चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची और बूथ प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।

READ MORE: पूरे प्रदेश के कार्यों की सीएम डॉ. मोहन ने की समीक्षा, जानें किस काम के लिए क्या दिए निर्देश ?

ज्ञानेश कुमार ऐसे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त हैं, जिन्होंने इससे पहले दिल्ली में भी बूथ लेवल अधिकारियों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के साथ सीधे संवाद की पहल की थी। बीएलओ कॉन्फ्रेंस के बाद वे इंदौर में रात्रि विश्राम करेंगे। 5 जुलाई को उनका ओंकारेश्वर और महेश्वर जाने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे भगवान शिव के दर्शन करेंगे और महेश्वर किले का भी भ्रमण करेंगे।

READ MORE: बागेश्वर धाम पहुंचे अनंत अंबानी, पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कराए दिव्य यज्ञ-हवन, 11 कन्याओं का लिया आशीर्वाद

मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे की सूचना मिलते ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि चुनाव आयोग ने गुरुवार को देश की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है, जिनमें मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट भी शामिल है। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त का यह दौरा प्रदेश में चुनावी तैयारियों की समीक्षा और मतदान व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m