कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज पर मौत के बाद मरीज के अंग निकालकर अवैध रूप से बेचने का गंभीर आरोप लगा है। मृतक किशोर विश्वकर्मा की पत्नी ने इस पूरे मामले को लेकर जबलपुर जिला न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।

अज्ञात बताकर दफनाया शव 

पीड़िता द्वारा कोर्ट में दायर याचिका के अनुसार, उसने अपने पति किशोर विश्वकर्मा को 12 अगस्त 2025 को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान जब पति की मौत हो गई, तो परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन और संबंधित स्टाफ ने उनके पति के शव से महत्वपूर्ण अंग निकालकर अवैध रूप से बेच दिए। इतना ही नहीं, मामले को छिपाने के उद्देश्य से शव को ‘अज्ञात’ घोषित कर दफना दिया गया।

13 नवंबर को दर्ज होंगे बयान 

पति के अंग बेचे जाने और शव न सौंपे जाने से स्तब्ध पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए जबलपुर जिला न्यायालय में परिवाद/याचिका दायर की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने याचिका को स्वीकार कर लिया है और याचिकाकर्ता (पीड़िता) के बयान दर्ज करने के लिए 13 नवंबर की तारीख तय की है। अदालत में पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद इस पूरे मामले में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन, डॉक्टरों और संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर गाज गिर सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m