कुंदन कुमार, पटना। दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन की बैठक पर एनडीए नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने करारा हमला बोला है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि, कांग्रेस ने सत्ता के लालच में DMK जैसे पुराने और ईमानदार साथी को धोखा दिया है, इसलिए स्वाभाविक है कि DMK अब दूरी बना रही है।
‘जरूरत के समय अलग-अलग रहे ये लोग’
वहीं, ममता बनर्जी के एक दिन पहले ही बैठक में पहुंचने पर भी चिराग पासवान ने तंज कसा और कहा कि, यह वही ममता हैं जिन पर राहुल गांधी ने बंगाल चुनाव के दौरान भ्रष्टाचार और हिंसा फैलाने के आरोप लगाए थे, फिर भी आज उसी गठबंधन के मंच पर खड़ी हैं। उनके हिसाब से ये गठबंधन एक-दूसरे की बुराइयों और कमजोरियों को छुपाने का समझौता भर है, और इतिहास गवाह है कि जब-जब एकजुट रहने की जरूरत थी, तब ये लोग अलग-अलग रहे हैं।
एमएलसी चुनाव को लेकर कही ये बात
वहीं, बिहार विधान परिषद चुनाव पर चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी के विधायकों की बदौलत LJP(R) का एक सदस्य नामांकन कर रहा है, और ये उनके लिए गर्व की बात है। पार्टी ने अशरफ अंसारी को चुना है, जो उनके पिता रामविलास पासवान के पुराने साथी और निस्वार्थ कार्यकर्ता रहे हैं, जिन्होंने कभी पार्टी से कुछ मांगा नहीं।
राबड़ी देवी द्वारा सुरक्षा वापस करने पर कही ये बात
वहीं, राबड़ी देवी की सुरक्षा वापस लेने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि सुरक्षा परिस्थितियों के हिसाब से बढ़ती-घटती रहती है। इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए। उनकी खुद की सुरक्षा भी कई बार हटाई और फिर बढ़ाई गई। MLC नामांकन में लालू और तेजस्वी के न रहने पर चिराग ने कहा कि, पार्टी में अपने पद को लेकर जितनी गंभीरता होनी चाहिए, वो नहीं दिख रही।
ये भी पढ़ें- दीपक प्रकाश की मंत्री कुर्सी पर कानूनी संकट, सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर, जानें पूरा मामला?

