पटना। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने पटना आगमन पर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। उन्होंने आगामी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर एनडीए की जीत का पूर्ण विश्वास जताते हुए विपक्षी दलों पर गंभीर कटाक्ष किए हैं।
विपक्ष का एजेंडा सिर्फ छुट्टियां मनाना
चिराग पासवान ने बांकीपुर उपचुनाव में विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी विपक्षी खेमा चुनावी मैदान से पूरी तरह नदारद है। उन्होंने आरोप लगाया कि करारी हार के बाद भी विपक्ष ने सबक नहीं लिया है। चिराग ने तंज कसते हुए कहा कि न तो केंद्र के नेता प्रतिपक्ष को देश की फिक्र है और न ही बिहार के विपक्ष को राज्य के विकास की वे विदेश में छुट्टियां मनाने में व्यस्त हैं।
यूपी, पंजाब और उत्तराखंड में लोजपा का विस्तार
पार्टी की रणनीति साझा करते हुए चिराग ने ऐलान किया कि लोजपा (रामविलास) अब उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरेगी। उन्होंने बताया कि लखनऊ में स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती पर जनता से मिले अभूतपूर्व समर्थन ने पार्टी का मनोबल बढ़ाया है। इसके साथ ही, पार्टी पंजाब और उत्तराखंड में भी चुनावी बिगुल फूंकने की तैयारी कर रही है। गठबंधन के स्वरूप पर उन्होंने कहा कि सही समय आने पर उचित निर्णय लिया जाएगा।
राजद पर निशाना: पार्टी में सब ठीक नहीं
राजद नेता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग ने कहा कि तिवारी जैसे शांत और सभ्य व्यक्ति का पार्टी छोड़ना यह दर्शाता है कि राजद में आंतरिक कलह चरम पर है। चिराग ने स्पष्ट किया कि उन्हें नहीं पता राजद को भीतर से कौन कमजोर कर रहा है, लेकिन लालू प्रसाद यादव के दौर की नेतृत्व क्षमता अब पार्टी में नजर नहीं आती।
शराबबंदी और शिक्षा पर स्पष्ट रुख
शराबबंदी के सामाजिक और आर्थिक पहलुओं पर बात करते हुए चिराग ने कहा कि सिर्फ राजस्व बढ़ाने के लिए शराब को बढ़ावा देना गलत है। वे जागरूकता के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन के पक्षधर हैं। वहीं जंतर-मंतर पर चल रहे शिक्षा आंदोलन को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना सबका अधिकार है, लेकिन सोनम वांगचुक के नाम पर कुछ राजनीतिक दल अपनी सियासी जमीन तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पारदर्शी शिक्षा प्रणाली की वकालत करते हुए अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई का समर्थन किया।

