लखनऊ. उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में लगातार मूसलाधार बारिश ने मंदाकिनी नदी को रौद्र रूप दे दिया है. नदी में 30 फीट का उफान आ गया है, जिससे हनुमान धारा पर बना 300 फीट लंबा पुल बाढ़ की चपेट में आकर टूटकर बह गया. करीब 400 दुकानें पानी में डूब चुकी हैं और सड़कों पर नावें चल रही हैं. यूपी-मध्य प्रदेश के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जबकि रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से आवागमन ठप पड़ गया है. कई लोग होटलों और घरों में फंस गए हैं.
इसे भी पढ़ें- अब नहीं चलेगा ‘तारीख पर तारीख’ का खेल! लापरवाह अधिकारियों के लिए सीएम योगी का नया आदेश
मंदाकिनी में रौद्र रूप, घाट और पुल डूबे
चित्रकूट घाट पूरी तरह मंदाकिनी के पानी में समा चुका है. घाट की सीढ़ियों पर झरने की तरह पानी बह रहा है. बड़ा पुल तेज बहाव में बह गया और घरेलू सामान पानी में तैरते दिख रहे हैं. मध्य प्रदेश के बरगी डैम से पानी छोड़े जाने और लगातार बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं. झांसी-प्रयागराज हाईवे को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है.
रेस्क्यू जोरों पर, 50 लोग सुरक्षित
2 हेलीकॉप्टर और SDRF टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं। अब तक 50 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। जिला मजिस्ट्रेट पुलकित गर्ग ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जहां भी लोग फंसे हैं, वहां खाने-पीने और पानी की व्यवस्था की जा रही है. समस्या होने पर कंट्रोल रूम के नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.
प्रयागराज में गंगा-यमुना उफान पर
इधर प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. रविवार तड़के 3:45 बजे गंगा जी ने लेटे हनुमान जी को स्नान कराया. गर्भगृह में पानी पहुंचते ही मंदिर परिसर में ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य आरती की गई.
इसे भी पढ़ें- अयोध्या को एक और बड़ा तोहफा: राम मंदिर के करीब बनेगा हाईटेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भूमि पूजन संपन्न
प्रदेश भर में बारिश का अलर्ट
प्रदेश के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है. सोनभद्र में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि लखनऊ और आसपास के 10 जिलों में बादल छाए हुए हैं. शनिवार को लखनऊ, वाराणसी, कानपुर समेत 20 शहरों में बारिश हुई. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मध्य प्रदेश-राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर मानसूनी सिस्टम आगे बढ़ गया है, जिससे 31 अगस्त तक बारिश में कमी आ सकती है. इसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह में नए विक्षोभ से फिर बारिश शुरू हो सकती है.
चित्रकूट की बाढ़ ने आम जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है. प्रशासन सतर्क है और राहत कार्य जारी हैं. लोगों से अपील है कि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें और आधिकारिक सलाह का पालन करें.


