सतीश सिंह, चित्रकूट. उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चित्रकूट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. थाना बहिलपुरवा क्षेत्र में छात्रा से गैंगरेप के मामले में वांछित 50 हजार के इनामी आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले को शनिवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरक्षी भी घायल हो गया. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.
पुलिस के मुताबिक बीते 22 जुलाई को थाना बहिलपुरवा क्षेत्र में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी. विवेचना के दौरान तीन आरोपी प्रकाश में आए, जिनकी पहचान जितेंद्र उर्फ भोले, विवेक कुमार पटेल और प्रवीण पटेल के रूप में हुई. पीड़िता और एक अन्य गवाह ने तीनों आरोपियों की तस्वीरों से उनकी शिनाख्त की थी. तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहले पुलिस अधीक्षक चित्रकूट ने 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था. बाद में पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा ने इनाम की राशि बढ़ाकर ₹50-50 हजार कर दी.
इसे भी पढ़ें : ‘जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर चला तो सिर लगा देंगे’ इकरा हसन की चेतावनी से रामपुर में सियासी पारा हाई
शनिवार शाम करीब 4:50 बजे मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा पहाड़-हुडा रोड पर घेराबंदी की. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. मुठभेड़ के दौरान आरक्षी राघवेंद्र राजपूत भी घायल हुए. घायल आरोपी और पुलिसकर्मी दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
पुलिस ने बताया कि गैंगरेप मामले के अन्य दो आरोपी विवेक कुमार पटेल और प्रवीण पटेल अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.


