अनमोल मिश्रा, चित्रकूट (सतना)। सतना जिले की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी चित्रकूट में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर स्थानीय निवासियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। बारिश के चलते क्षेत्र की नदियों के जलस्तर में उफान आ गया है। विशेष रूप से मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है, जिससे तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल है।
ये भी पढ़ें: सतना में मंदाकिनी का रौद्र रूप: चित्रकूट के बड़े पुल टूटने का VIDEO आया सामने, देखते ही देखते नदी में समा गया ब्रिज
बीती तबाही के खौफ से सहमे लोग
बीते दिनों मंदाकिनी नदी के रौद्र रूप और बाढ़ से हुई भारी तबाही को लोग अभी तक पूरी तरह भूल भी नहीं पाए थे कि दोबारा बढ़ते जलस्तर ने पुरानी खौफनाक यादों को ताजा कर दिया है। यदि बारिश का यह दौर इसी तरह जारी रहा, तो मंदाकिनी नदी का जलस्तर और अधिक बढ़ सकता है, जिससे हालात चिंताजनक हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: सितंबर की शुरुआत में फिर भीगेगा MP: 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम
प्रशासन अलर्ट मोड पर, निगरानी बढ़ाई गई
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। नदी के निचले और बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी के घाटों, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति से बचने के लिए प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


