संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और ट्रफ लाइन के असर से अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
पूर्वी MP के 17 जिलों में अलर्ट, उमरिया-बालाघाट में ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग ने आज पूर्वी मध्य प्रदेश के 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
अति भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट): उमरिया और बालाघाट।
भारी बारिश का अलर्ट: पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा।
आगे का पूर्वानुमान: 1 और 2 सितंबर को पूर्वी MP में असर रहेगा। 3 सितंबर को भोपाल व ग्वालियर संभाग, जबकि 4 सितंबर को उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग में बारिश का दायरा बढ़ेगा।
सामान्य से 10% कम बारिश, सितंबर से उम्मीदें
मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में औसतन 702.9 मिमी (27.7 इंच) बारिश हुई है, जो सामान्य (30.8 इंच) से करीब 10% (3.1 इंच) कम है। पूर्वी हिस्से में 5% और पश्चिमी हिस्से में 15% की कमी दर्ज की गई है। कुल 39 जिलों (जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल आदि) में पानी की कमी है। पूरे सीजन का मानसूनी आंकड़ा 37.3 इंच छूने के लिए सितंबर में करीब 9.6 इंच बारिश की दरकार है, जिसकी भरपाई अगले 4 दिनों के इस सिस्टम से होने की उम्मीद है।
भोपाल के बड़े तालाब का बढ़ा जलस्तर, भदभदा के खुल सकते हैं गेट
लगातार हो रही बारिश से राजधानी भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट तक पहुंच गया है। अब यह अपने फुल टैंक लेवल से महज 0.30 फीट ही नीचे रह गया है। तालाब के पूरी तरह भरते ही भदभदा डैम के गेट खोले जा सकते हैं, जिससे छोड़ा गया पानी कलियासोत जलाशय में पहुंचेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


