चित्रकूट. उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है. चित्रकूट के कर्वी कोतवाली क्षेत्र के बराछ गांव में बुधवार रात तेज बारिश के बीच कच्चा मकान भरभराकर गिर गया. हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि मां और बेटी गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है.
इसे भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर ब्रज को 1,051 करोड़ की सौगात! CM योगी देंगे 229 विकास परियोजनाओं का तोहफा
सोते समय अचानक गिरी मकान की दीवार
बराछ गांव में पहाड़ी के नीचे कल्लू यादव (32) का कच्चा मकान था. बुधवार रात परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे. इसी दौरान लगातार बारिश के कारण मकान की दीवार अचानक गिर गई. मलबे में कल्लू यादव, उनके पांच वर्षीय बेटे अंश और करीब एक साल की बेटी कल्ली दब गए. हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.
मां-बेटी भी मलबे में दबीं
हादसे में कल्लू यादव की पत्नी कुंता देवी (30) और चार वर्षीय बेटी अंशिका भी मलबे में दब गईं. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया. गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
SDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. गांव के नाले में जलभराव होने के कारण राहत और बचाव कार्य में शुरुआत में मुश्किलें आईं. ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और मलबा हटाने में बचाव दल की मदद की. काफी प्रयास के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया.
इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर बाढ़ का खतरा! 67 जिलों में अलर्ट, गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा; स्कूल भी बंद
CM योगी ने दिए 24 घंटे में मुआवजे के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई है. उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने जनहानि और आर्थिक नुकसान का आकलन कर 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा है.
लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है. प्रशासन के सामने अब प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की चुनौती है.



