मथुरा. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रज क्षेत्र को 1,051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. मुख्यमंत्री गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचेंगे. इस दौरान वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.
540 करोड़ की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 540 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 62 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे. इनमें वृंदावन का श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह भी शामिल है. इसके अलावा 437 करोड़ रुपये से अधिक की 167 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा. इन परियोजनाओं से ब्रज क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और पर्यटन से जुड़े विकास को गति मिलने की उम्मीद है.
7,240 लाभार्थियों को मिलेगी सहायता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित करेंगे. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की जाएगी. इसके साथ ही लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, ट्रैक्टर की चाबी और चेक भी दिए जाएंगे.
जन्माष्टमी पर कृष्ण जन्मभूमि में दर्शन
मुख्यमंत्री 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे. इस दौरान वह गो पूजन भी करेंगे. मथुरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साधु-संतों से मुलाकात करेंगे और बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. जन्माष्टमी के मौके पर ब्रज में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं.
यह भी पढ़ें- यूपी में फिर बाढ़ का खतरा! 67 जिलों में अलर्ट, गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा; स्कूल भी बंद
विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे. वह ‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का भ्रमण और निरीक्षण करेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे में धार्मिक आस्था के साथ ब्रज के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं पर विशेष फोकस रहेगा. जन्माष्टमी के अवसर पर होने वाले इन लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों को ब्रज क्षेत्र के लिए बड़ी विकास सौगात के तौर पर देखा जा रहा है.



