Unlicensed Drug Storage in Chitrakoot: राजस्थान के चित्रकूट में बिना वैध लाइसेंस दवाओं के भंडारण और बिक्री के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने एक गोदाम में जांच के दौरान करीब 1.40 लाख रुपये मूल्य की संदिग्ध औषधियां जब्त कीं। मौके पर दवाओं की बिक्री का वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। कार्रवाई के दौरान कई बिक्री बिल, इनवॉइस, रसीद बुक और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए।

बिना लाइसेंस दवाओं का भंडारण और बिक्री

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि प्रदेश में दवाओं के अवैध कारोबार और बिना वैध लाइसेंस औषधियों के भंडारण एवं विक्रय के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। ड्रग आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला और राज्य औषधि नियंत्रक अजय फाटक के निर्देशन में टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में दवाओं का भंडारण और बिक्री की गतिविधियां मिलीं। हालांकि, मौके पर वैध औषधि विक्रय लाइसेंस नहीं दिखाया जा सका।

दस्तावेजों में मिली कई विसंगतियां

टीम ने गोदाम से विभिन्न फर्मों के नाम से जारी बिक्री बिल, इनवॉइस, रसीद बुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए। इनकी जांच में विभिन्न फर्मों के नाम और औषधि कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड में कई विसंगतियां सामने आईं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि पहले झोटवाड़ा से एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के लिए गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। वहीं, सितंबर 2024 से गुरुग्राम स्थित एक कंपनी के माध्यम से काम किए जाने की जानकारी सामने आई है।

NDPS घटक वाली दवा भी मिली

कार्रवाई के दौरान GARON-100 Tablet (Phenobarbitone) भी बरामद की गई। इसमें NDPS घटक शामिल हैं। इस दवा से संबंधित उपलब्ध बिल और दस्तावेजों की जांच में भी अनियमितताएं सामने आईं। प्रारंभिक जांच में बिना वैध लाइसेंस और योग्य व्यक्ति के हस्ताक्षर के दवाओं की बिक्री तथा परिसर में औषधियों के अनधिकृत भंडारण की स्थिति सामने आई है।

तीन दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे

औषधियों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए टीम ने मौके से तीन दवाओं के नमूने लिए हैं। इनमें Gabanyl-300 (Gabapentin Capsules IP), Telmevas-H (Telmisartan & Hydrochlorothiazide Tablets IP) और Trueclam 625 (Amoxycillin and Potassium Clavulanate Tablets IP 625 mg) शामिल हैं। सभी नमूनों को नियमानुसार सील कर औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ें ये खबरें