Churu Hospital Accident: राजस्थान के चूरू जिले के सुजानगढ़ स्थित राजकीय फतेहपुरिया मातृ एवं शिशु अस्पताल में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर छत का प्लास्टर और छज्जे का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घायल महिला को तुरंत राजकीय बगड़िया उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जर्जर भवन में संचालित हो रहा है अस्पताल
जानकारी के अनुसार, जनाना अस्पताल फिलहाल पुराने ट्रॉमा सेंटर भवन में संचालित हो रहा है। भवन की जर्जर स्थिति को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके हैं। मरीजों और उनके परिजनों को लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं और भवन की खराब स्थिति के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छज्जा गिरने की घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और स्टाफ के बीच दहशत का माहौल बन गया।
CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा
मुख्य प्रवेश द्वार पर हुआ यह हादसा अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि घटना के समय वहां अधिक भीड़ होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
स्थानीय लोगों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अस्पताल भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराने और आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते भवन की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।
अस्पताल प्रशासन ने सुधार का दिया आश्वासन
अस्पताल के इंचार्ज डॉ. बंशीधर ने बताया कि भवन की स्थिति को लेकर पहले भी संबंधित विभाग को लिखा जा चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा, ताकि मरीजों और अस्पताल आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पढ़ें ये खबरें
- IAS अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार, इफ्फत आरा और राजेंद्र कटारा को मिली नई जिम्मेदारी…
- युवा संवाद कार्यक्रम: सीएम साय बोले- सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है सेवा संकल्प यात्रा
- मां बगलामुखी के दरबार में भक्त ने तोड़ा दम, दर्शन के लिए आए महाराष्ट्र के श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने से मौत
- यूपी के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर: अक्टूबर के बिल में 5.24% की छूट, जानिए वजह
- राजधानी में गुटखा कारोबारी के ठिकाने पर DGGI का छापा, 50 बोरों से ज्यादा सितार जब्त, गुटखा किंग तक जुड़े रहे तार

