रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आगामी 6 एवं 7 जून 2026 को देशभर के चार्टर्ड अकाउंटेंसी विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, नेतृत्व, नवाचार एवं व्यक्तित्व विकास का केंद्र बनने जा रही है। सीआईसीएएसए रायपुर द्वारा “KARTAVYA 2026 – National Conference of CA Students” का भव्य आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से 1,000 से अधिक स विद्यार्थियों एवं युवा पेशेवरों के सहभागी बनने की संभावना है।

सम्मेलन की गरिमा को और बढ़ाने हेतु अनेक विशिष्ट अतिथि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, जिनमें प्रमुख हैं रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़, तोखन साहू, केंद्रीय राज्य मंत्री, भारत सरकार, पुरंदर मिश्रा, विधायक, रायपुर उत्तर।

आईसीएआई के बोर्ड ऑफ स्टडीज़ (ऑपरेशंस) के तत्वावधान में आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मेलन “SYNC – Strategy, Youth, Network & Change” थीम पर आधारित है। यह थीम युवाओं की ऊर्जा, रणनीतिक सोच, नेतृत्व क्षमता तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य में उनकी भूमिका को समर्पित है।

KARTAVYA 2026 की सबसे बड़ी विशेषता देशभर से आने वाले प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वक्ता, सुप्रसिद्ध सीए फैकल्टी, उद्योग जगत के अग्रणी विशेषज्ञ, कॉर्पोरेट लीडर्स, सफल उद्यमी तथा प्रेरक व्यक्तित्व होंगे। दो दिवसीय इस सम्मेलन में प्रतिभागियों को नेतृत्व विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रोफेशनल एक्सीलेंस, उद्यमिता, नेटवर्किंग, व्यक्तिगत विकास एवं भविष्य के करियर अवसरों जैसे समसामयिक विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

यह आयोजन केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्किंग, विचार- विमर्श और अनुभव साझा करने का अवसर भी प्रदान करेगा। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को परीक्षा केंद्रित दृष्टिकोण से आगे बढ़ाकर उन्हें भविष्य के सक्षम, नैतिक एवं दूरदर्शी पेशेवर के रूप में तैयार करना है।

इस अवसर पर सीए संस्कार अग्रवाल, अध्यक्ष, सीआईसीएएसए रायपुर ने कहा- “KARTAVYA 2026 युवा चार्टर्ड अकाउंटेंसी विद्यार्थियों के लिए एक ऐसा राष्ट्रीय मंच है, जहां ज्ञान, अनुभव, नेतृत्व और अवसरों का संगम होगा। हमारा प्रयास है कि देशभर से आने वाले विद्यार्थी न केवल व्यावसायिक रूप से सशक्त बनें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें। यह सम्मेलन उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने तथा नए अवसरों का सृजन करने के लिए प्रेरित करेगा।”

उन्होंने कहा कि यह आयोजन ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप युवाओं में नवाचार, नेतृत्व, नैतिकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों, प्रतिष्ठित वक्ताओं एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में KARTAVYA 2026 ज्ञान, नेतृत्व, प्रेरणा और युवा शक्ति का एक ऐतिहासिक उत्सव बनने जा रहा है। यह सम्मेलन न केवल प्रतिभागियों के व्यावसायिक विकास का माध्यम बनेगा, बल्कि उन्हें राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देने के लिए भी प्रेरित करेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m