रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में कथित अनियमितता के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दौरान सीआईडी ने परीक्षा में सफल चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई CID थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत की गई है।
चार सफल अभ्यर्थी गिरफ्तार
सीआईडी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभ्यर्थियों में दीपक कुमार, उमेश कुमार राय, विजय कुमार तिवारी और आनंद कुमार सिंह शामिल हैं। चारों अभ्यर्थियों का संबंध धनबाद और बोकारो से बताया गया है।
दीपक कुमार धनबाद के नावाडीह स्थित श्यामली होटल के पास रहते हैं। उमेश कुमार राय मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के जगदीशपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में बोकारो के दुग्दा में रह रहे हैं। विजय कुमार तिवारी धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र के धड़कीडो गांव के निवासी हैं। वहीं आनंद कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के सारण जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में धनबाद के सुदामडीह में रहते हैं।
CID कांड 01/2025 में जांच जारी
सीआईडी ने यह कार्रवाई JSSC-CGL 2023 में कथित अनियमितता से जुड़े CID थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत की है। जांच एजेंसी के अनुसार गिरफ्तार किए गए चारों लोग परीक्षा में सफल अभ्यर्थी हैं।
हालांकि, सीआईडी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि गिरफ्तार अभ्यर्थियों पर परीक्षा में किस तरह की गड़बड़ी में शामिल होने का आरोप है। उनके खिलाफ जांच के दौरान कौन-कौन से साक्ष्य सामने आए हैं, इसकी भी विस्तृत जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
आगे की जांच में खुलेगा पूरा राज
चार सफल अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के बाद JSSC-CGL परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सीआईडी की आगे की कार्रवाई और जांच में सामने आने वाले तथ्यों से यह स्पष्ट होगा कि गिरफ्तार अभ्यर्थियों की भूमिका क्या थी और परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी किस स्तर पर हुई।


