दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) में महिला यात्री के साथ कथित गलत व्यवहार के मामले में CISF ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने आरोपों के घेरे में आए अपने एक जवान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। CISF दिल्ली मेट्रो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि महिला यात्री के साथ कथित गलत व्यवहार से जुड़े आरोपों को बल ने गंभीरता से लिया है। मामले में आरोपी जवान के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया गया है।
वायरल हो रहा वीडियो
वायरल वीडियो में एक युवती CISF के एक जवान पर मोबाइल फोन से उसकी तस्वीरें खींचने का आरोप लगाती नजर आ रही है। वीडियो में युवती और जवान के बीच बहस होती दिखाई देती है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे विवाद को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
युवती ने पुलिस को बताई पूरी बात
युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना के समय वह किसी व्यक्ति के साथ थीं। उनके आरोप के मुताबिक, इसी दौरान CISF के एक ASI ने कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन से उनकी कुछ तस्वीरें खींच लीं। तस्वीरें खींचने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। विवाद के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और मामला चर्चा में आ गया।
पुलिस ने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने रात में शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की थी। हालांकि, उस समय उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में पुलिस को बताया गया कि शिकायतकर्ता फिलहाल दिल्ली से बाहर है। इसके बाद युवती ने पुलिस को स्पष्ट किया कि वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती है। उसने घटना को लेकर अपना लिखित बयान भी पुलिस को भेजा।
व्हाट्सऐप पर भेजा लिखित बयान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने कुछ घंटे के भीतर व्हाट्सऐप के जरिए अपना लिखित बयान भेजा। इसमें उसने कहा कि वह मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं चाहती है। हालांकि, पुलिस ने घटना से जुड़ी जानकारी CISF के साथ साझा करने का निर्णय लिया। इसका उद्देश्य विभागीय स्तर पर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
तस्वीरें लेने से इनकार, मोबाइल की जांच के बाद बढ़ा विवाद
CISF के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने महिला की तस्वीरें लेने के आरोप से इनकार किया था। हालांकि, उसके मोबाइल फोन की गैलरी में महिला की तस्वीरें कथित तौर पर मिलने के बाद कोच में मौजूद कुछ सहयात्री भी विवाद में शामिल हो गए। यात्रियों ने अधिकारी से तस्वीरें डिलीट करने के लिए कहा। इसी दौरान जब CISF अधिकारी कोच से बाहर निकलने लगा तो कुछ यात्रियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
आरोपी अधिकारी सस्पेंड
CISF के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मामला सामने आने के बाद CISF ने बयान जारी कर कहा कि घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया है। संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
क्या है मामला
दिल्ली मेट्रो में महिला यात्री की कथित तौर पर चोरी-छिपे तस्वीरें लेने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। घटना के बाद मेट्रो कोच में यात्रियों ने CISF जवान को घेर लिया। इस दौरान काफी हंगामा हुआ और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि महिला और कुछ यात्रियों ने CISF जवान का मोबाइल फोन चेक किया। आरोप है कि फोन की गैलरी में महिला की तस्वीरें मिलीं। इसके बाद यात्रियों ने जवान से तस्वीरें डिलीट करने को कहा। इसी बात को लेकर कोच में बहस बढ़ गई। महिला की तस्वीरें मिलने के आरोप के बाद यात्रियों ने CISF जवान से तस्वीरें डिलीट करने की मांग की। इसी दौरान जवान और यात्रियों के बीच विवाद बढ़ गया। घटना का वीडियो किसी यात्री ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि यात्रियों के विरोध करने और मोबाइल फोन मांगने के दौरान CISF जवान ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल लोगों की तरफ तान दी। इससे मेट्रो कोच में मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


