दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में रविवार सुबह दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वारदात से नाराज सफाई कर्मचारियों ने धरना देकर आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर दिल्ली सफाई कर्मचारी यूनियन ने बड़ा फैसला लिया है। यूनियन ने ऐलान किया है कि सोमवार से कचरा उठाने वाले छोटे वाहन यानी ऑटो-टिपर सड़कों पर नहीं उतारे जाएंगे। यूनियन का कहना है कि कर्मचारी की हत्या के बाद सफाई कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल है और प्रशासन को उनकी सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।

सोमवार से काम रोकने की तैयारी

यूनियन के सदस्यों का कहना है कि जब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। कर्मचारियों ने साफ किया है कि वे अपने साथी की हत्या के मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेंगे। दिल्ली सफाई कर्मचारी यूनियन ने सोमवार से कचरा उठाने वाले ऑटो-टिपर को सड़कों पर नहीं उतारने का ऐलान किया है। यूनियन के सदस्य कामकाज रोकने के लिए दिल्ली में मौजूद ऑटो-टिपर डिपो पहुंचेंगे। इसके साथ ही सोमवार को दिल्ली में प्रदर्शन किए जाने की भी संभावना है। यूनियन का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है। कर्मचारी की हत्या के बाद सफाईकर्मियों में आक्रोश है और वे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी चाहते हैं।

तीन प्रमुख मांगों पर अड़े कर्मचारी

सफाई कर्मचारी यूनियन ने प्रशासन के सामने मुख्य रूप से तीन मांगें रखी हैं पहली, हत्या के आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी; दूसरी, मृतक कर्मचारी के परिवार को उचित मुआवजा; और तीसरी, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी। यूनियन का कहना है कि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा किया जा सकता है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो पूरी दिल्ली में बंद होंगे ऑटो-टिपर

यूनियन के सदस्य करण सिंह महरोलिया ने कहा कि अगर मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी नहीं दी गई और हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सोमवार को पूरी दिल्ली में ऑटो-टिपर बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑटो-टिपर का संचालन तभी दोबारा शुरू किया जाएगा, जब मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग पूरी हो जाएगी। महरोलिया ने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान सफाई कर्मचारियों को अक्सर हमलों का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि हमले में घायल होने वाले कर्मचारियों को पर्याप्त मदद भी नहीं मिलती।

‘हमले के बाद अधिकारी पुलिस स्टेशन तक नहीं पहुंचते’

करण सिंह महरोलिया ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारियों पर हमले की घटनाओं में अधिकारी कर्मचारियों का साथ नहीं देते। उन्होंने कहा कि जब भी किसी सफाई कर्मचारी पर हमला होता है तो कोई अधिकारी पुलिस स्टेशन तक नहीं पहुंचता। ऐसे मामलों में सिर्फ सफाई कर्मचारी यूनियन ही कर्मचारियों के साथ खड़ी होती है।

MCD प्रतिनिधियों ने परिवार से की मुलाकात

वहीं, दिल्ली नगर निगम के प्रतिनिधियों ने मृतक अनिल के परिवार से मुलाकात की है। प्रतिनिधियों ने परिवार को आश्वासन दिया है कि उन्हें मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, यूनियन आरोपी की गिरफ्तारी और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर भी कार्रवाई चाहती है। कल्याणपुरी में MCD कर्मचारी अनिल की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, अनिल पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।हमले के बाद आरोपी कथित तौर पर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीम वारदात से जुड़े घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

CCTV फुटेज में दिखा हमलावर

पुलिस जांच के दौरान घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में कथित तौर पर एक युवक अनिल पर चाकू से हमला करता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के आने-जाने के रास्ते और उसकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m