अनमोल मिश्रा, सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में लगातार दूसरी रात लोगों को ब्लैकआउट का सामना करना पड़ा। पहले अंधड़ से बिजली व्यवस्था ठप हुई। घंटों मशक्कत के बाद सप्लाई बहाल तो हुई, लेकिन तीन लोगों ने अपने घर की बिजली ठीक कराने की मांग को लेकर पूरे शहर की लाइट गुल करवा दी। गर्मी और उमस के बीच लोगों को पानी संकट समेत कई परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सब-स्टेशन पहुंचकर जबरन बिजली बंद कराई

दरअसल जिन लोगों ने सबस्टेशन पहुंचकर जबरन बिजली बंद कराई, उनमें एक जज साहब भी थे। सबस्टेशन ऑपरेटर का दावा है कि जज ने जबरदस्ती लाइट बंद करा दी। ऑपरेटर के अनुसार जज साहब ने कहा- जब तक मेरे घर की बिजली ठीक नहीं होगी, तब तक पूरे शहर की बिजली चालू नहीं होने देंगे। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब एक बजे आए अंधड़ से पूरे चित्रकूट की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। मरम्मत के बाद शुक्रवार शाम 5.45 बजे बिजली बहाल की गई।

बिजली दफ्तर में विरोध प्रदर्शन

बिजली बहाल होने के कुछ समय बाद तीन लोग रजौला स्थित 33/11 केवी सब-स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने ऑपरेटर पंकज सेन को धमकाया। उसका मोबाइल छीन लिया और सब-स्टेशन पर बैठ गए। इसके बाद रजौला से बिजली आपूर्ति फिर बंद करा दी। शहर दोबारा अंधेरे में डूब गया। लगातार बिजली कटौती से घरों में पानी की समस्या खड़ी हो गई। इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। 18 घंटे इंतजार के बाद केवल 15 मिनट बिजली मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग रजौला स्थित पावर हाउस पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस ने मामला जांच में ले लिया

भीड़ बढ़ती देख तीनों लोग वहां से निकल गए, लेकिन उपभोक्ता इस मांग पर अड़े रहे कि पूरे शहर की बिजली बंद कराने वालों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज करे। मौके पर नायब तहसीलदार कमलेश सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ पहुंचे। बाद में जेई प्रवीण वर्मा और रजौला विद्युत वितरण केंद्र के ऑपरेटर पंकज सेन के साथ सैकड़ों उपभोक्ता चित्रकूट थाने पहुंचे। ऑपरेटर ने लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है।

अजब-गजब: नरसिंहपुर में पानी की टंकी पर जा चढ़ा सांड, नीचे देखने उमड़ा ग्रामीणों का हुजूम,

बाघों की मौत पर हाईकोर्ट सख्तः सरकार को नोटिस, बांधवगढ़ में ढाई महीने के भीतर 8 Tiger की मौत,

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m