देवघर। देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत सोमवार को देवघर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद सीजेआई सीधे बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
न्यायिक जागरूकता कार्यक्रम में होंगे शामिल
बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा करने के बाद मुख्य न्यायाधीश न्यायिक प्राधिकरण की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वे न्यायिक व्यवस्था और उसके महत्व पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम के बाद उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी। इसके बाद सीजेआई देवघर से रांची के लिए रवाना होंगे।
देवघर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्य न्यायाधीश के दौरे को देखते हुए देवघर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उनके साथ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा, डीसी सौरभ कुमार भुवानिया, एसपी प्रवीण पुष्कर, डीआईजी अंबर लकड़ा समेत कई न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।
कोर्ट परिसर में विशेष प्रोटोकॉल लागू
सीजेआई के कोर्ट परिसर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने विशेष प्रोटोकॉल तैयार किया है। निर्देश दिया गया है कि कोर्ट परिसर में केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश मिलेगा, जिन्हें जिला प्रशासन की ओर से अधिकृत किया गया है। कार्यक्रम की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

