कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन दोबारा शुरू करने का ऐलान किया है। रविवार को उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी ने ऐसा कोई बॉन्ड या अंडरटेकिंग साइन नहीं किया है, जो उसे सड़कों पर उतरकर विरोध करने से रोकता हो। दीपके का यह बयान दिल्ली में हालिया प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं की हिरासत और रिहाई के बाद आया है।

‘हम फिर सड़कों पर उतरेंगे’, अभिजीत दीपके का ऐलान

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर विरोध प्रदर्शन जारी रखने की बात कही। उन्होंने लिखा, “हमने ऐसा कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है जिसमें लिखा हो कि हम विरोध नहीं करेंगे। हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे।”

दीपके ने कहा कि प्रशासनिक पाबंदियां पार्टी को अपना विरोध जारी रखने से नहीं रोक पाएंगी। CJP का आरोप है कि दिल्ली में हालिया आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर प्रतिबंध लगाए गए और पार्टी नेताओं को हिरासत में लिया गया।

अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका रिहा

CJP नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार को अदालत के आदेश के बाद रिहा कर दिया गया। तीनों नेताओं को शनिवार को दिल्ली में विमान से उतरने के बाद हिरासत में लिया गया था। इसके बाद रविवार सुबह उन्हें एहतियातन गिरफ्तार किया गया और दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। सूत्रों के मुताबिक, तीनों नेताओं को इस शर्त पर रिहा किया गया कि वे एक साल तक ऐसा कोई काम नहीं करेंगे, जिससे शांति भंग होने की आशंका हो।

SIR प्रक्रिया को लेकर CEC के खिलाफ प्रदर्शन

CJP का विरोध मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया था।

नेताओं की रिहाई के बाद दीपके के ताजा बयान से संकेत मिलता है कि पार्टी इस मुद्दे पर अपना आंदोलन जारी रखने की तैयारी में है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m