कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सियासी और कानूनी हलचल तेज हो गई है। रविवार को जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन के ऐलान के बीच दिल्ली पुलिस ने पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके की दादी के निधन की सूचना देने से जुड़े विवाद पर वीडियो जारी किया। वहीं, अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को हिरासत से रिहा कर दिया गया है। इस मामले से जुड़ी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में भी रविवार को सुनवाई हुई, जिसके बाद दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया गया।

अभिजीत दीपके की दादी के निधन पर क्या बोली दिल्ली पुलिस?

दिल्ली पुलिस ने CJP और अभिजीत दीपके की मां के उन आरोपों को खारिज किया है, जिनमें दावा किया गया था कि हिरासत के दौरान उन्हें उनकी दादी के निधन की जानकारी नहीं दी गई। पुलिस ने रविवार को वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा।

डीसीपी (पीआरओ) नेहा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दीपके को उनकी दादी के निधन की सूचना संवेदनशीलता के साथ तुरंत दे दी गई थी। उन्हें अंतिम संस्कार के समय की जानकारी भी दी गई थी।

घर जाने के लिए मदद की पेशकश, दीपके ने किया इनकार

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अभिजीत दीपके को उनके गृह नगर जाने के लिए यात्रा संबंधी सहायता देने और परिवार से बातचीत कराने की पेशकश की गई थी। हालांकि, पुलिस का दावा है कि उन्होंने यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। दीपके के कथित तौर पर किसी बांड पर हस्ताक्षर नहीं करने के दावे पर पुलिस ने कहा कि जमानत की शर्तों का उल्लंघन होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए थे तीनों नेता

शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने एक विमान से हिरासत में लिया था। पुलिस ने कानून-व्यवस्था और निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी।

कोर्ट से रिहाई, सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई

तीनों नेताओं को रविवार सुबह कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद रिहा कर दिया गया। CJP की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह के अनुसार, उन्हें एक साल तक शांति भंग न करने की शर्त पर रिहा किया गया है। पार्टी ने इसे कानूनी जीत बताया है।

इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने CJP प्रदर्शन से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया। रविवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m