नई दिल्ली। शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा घोटालों को लेकर जारी आंदोलन के बीच केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच एक बार फिर बातचीत होने जा रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12 बजे सरकार के प्रतिनिधि CJP के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में आंदोलन से जुड़ी प्रमुख मांगों और मौजूदा स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों पक्षों के बीच गतिरोध कम करने और समाधान का रास्ता तलाशने पर भी बातचीत हो सकती है।

राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बुधवार को एक बार फिर दिल्ली के चार प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अनुसार, जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट फिलहाल बंद रहेगी। हालांकि, राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी। यानी यात्री इन स्टेशनों पर मेट्रो लाइन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।

मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मिले जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने देर रात मेदांता अस्पताल पहुंचकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं और वांगचुक के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। सूत्रों का दावा है कि बैठक के दौरान सरकार की ओर से संसद में इस मुद्दे पर चर्चा और शिक्षा सुधारों को लेकर अपने रुख की जानकारी दी गई। बातचीत में आंदोलन से जुड़ी प्रमुख मांगों और आगे की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m