कॉकरोच जनता पार्टी के नेता आशुतोष रांका ने चुनाव आयोग को लेकर चल रहे विरोध के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा है. रांका ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने इमरजेंसी को भी पीछे छोड़ दिया. पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बीजेपी को समर्थन देने का आरोप लगाया. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि पिछले 72 घंटों में देश में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं, जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ है. रांका ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी देश को बचाने और आगे बढ़ाने की है लेकिन वह समझौता कर चुका है. उन्होंने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार बीजेपी को जिताने के लिए काम कर रहे हैं. आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार पूरी ताकत के साथ ज्ञानेश कुमार को बचाने में जुटी हुई है. इससे साबित होता है कि, ‘राजा की जान तोते में होती है’
प्रोटेस्टर्स की नकारात्मक छवि बनाने की कोशिश हुई: CJP
कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्य सौरव दास ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान उन्हें आर.के. पुरम में रखा गया था. जबकि आशुतोष रांका को वल्लभगढ़ और अभिजीत दिपके को कहीं और रखा गया था. उन्होंने दावा किया कि तीनों को अलग-अलग जगह रखा गया था. सौरव दास ने पुलिस द्वारा उनके फोन कब्जे में लेकर सबूत प्लांट किए जाने की आशंका जताई. साथ ही, उन्होंने यह भी आशंका जताई कि पुलिस ने उनके फोन की जांच की.
सौरव दास ने आरोप लगाया कि पिछले 72 घंटों में नक्सल और सीमावर्ती इलाकों से सुरक्षा बलों को एयरलिफ्ट करके दिल्ली लाया गया है. उन्होंने दावा किया कि दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है और आम नागरिकों को दिक्कत में डालने के लिए सड़कें बंद की जा रही हैं. सौरव दास के मुताबिक, ऐसा प्रदर्शनकारियों की नकारात्मक छवि बनाने के लिए किया गया.
‘देश की इज्जत खराब करवा दी’ – आशुतोष रांका
आशुतोष रांका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘कल, परसों जिस तरह के हालात इस देश में बनाए गए, पूरी दुनिया में पीएम नरेंद्र मोदी हमारे देश की इज्जत खराब करवाई है. पिछले 72 घंटों में इस देश ने तानाशाही का नंगा नाच देखा है. हजारों की संख्या में देश भर से लोगों को डिटेन किया गया.’
हालात काबू में – डीसीपी सचिन शर्मा
नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा ने बताया, “अभी हालात काबू में हैं. हम शांति बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं.”

