देश में अचानक चर्चा का विषय बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बुधवार को दिल्ली में पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी की तरफ से तीन प्रवक्ता पहली बार अपनी मांगों को लेकर जनता के बीच आए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को दोहराया और कहा इसके लिए वे सरकार और विपक्ष दोनों से बातचीत को तैयार हैं।

CJP प्रवक्ता सौरव दास ने साफ़ कहा कि, CBSE चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला सिर्फ दिखावा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय होनी चाहिए और केवल तबादलों से समस्या का समाधान नहीं होगा। CJP फाउंडर अभिजीत दिपके 6 जून को अमेरिका से दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति लेने के लिए संसद मार्ग थाने जाएंगे। पार्टी ने देशभर के युवाओं से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

पार्टी ने दावा किया कि जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। बता दें कि, लद्दाख में पूर्ण राज्य की मांग को लेकर हो रहे भारी प्रदर्शन के दौरान सोनम वांगचुक को 6 महीनों तक जेल में रखा गया था. CJP नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन शिक्षा व्यवस्था और राजनीतिक तंत्र को लेकर युवाओं की बढ़ती नाराजगी को दर्शाता है।

कैसे बनी कॉकरोच जनता पार्टी

बता दें कि, पिछले दिनों भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने एक केस की सुनवाई के दौरान देश के युवाओं को कॉकरोच कह दिया था। उनकी इसी टिप्पणी के नतीजे के तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अस्तित्व में आया। CJP के इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। अभिजीत दीपके इसके फाउंडर है।

कौन हैं CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके?

30 वर्षीय अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के निवासी हैं और पेशे से डिजिटल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। वर्तमान में वे अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर्स कर रहे हैं। अभिजीत 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी (AAP) के सोशल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट के रूप में काम कर चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान उन्होंने AAP के लिए वायरल मीम-आधारित डिजिटल कैंपेन तैयार किए थे।

एक इंटरव्यू में अभिजीत ने बताया था कि व्यक्तिगत और आर्थिक स्थिरता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने AAP छोड़कर उच्च शिक्षा का रास्ता चुना। बोस्टन यूनिवर्सिटी में दाखिला मिलने के बाद वे अमेरिका चले गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वे किसान आंदोलन, महंगाई और अन्य राष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्र सरकार तथा प्रधानमंत्री की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m