CJP protest Delhi: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार को अपने प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च की शुरुआत कर दी। पार्टी का दावा है कि बड़ी संख्या में समर्थक इस मार्च में शामिल हुए हैं। मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं तथा कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। इससे पहले सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि पूरा मार्च शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से निकाला जाए। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी तरह की हिंसा या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
उधर, दिल्ली पुलिस ने संसद मार्च से पहले नई दिल्ली जिले में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। पुलिस ने जंतर-मंतर से संसद मार्ग तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है, बैरिकेडिंग की है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी बीच, जंतर-मंतर पर कथित NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कुछ प्रदर्शनकारियों को सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में लिया। पुलिस की ओर से हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
CJP के प्रदर्शन में पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद
संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च के बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर स्थित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। इस दौरान अभिनेता प्रकाश राज भी मंच पर मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह युवाओं के संघर्ष में उनके साथ खड़े होने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा, “सरकार अपना ‘धर्म’ निभा रही है, पुलिस अपना ‘धर्म’ निभा रही है और मैं इस मिट्टी के प्रति अपना फर्ज निभाने के लिए इस संघर्ष का हिस्सा बना हूं। एक भारतीय युवा होने के नाते, मैं युवाओं का दर्द समझता हूं। मैं उनकी आवाज बनने और उनके साथ खड़े होने के लिए यहां आया हूं। उनके साथ अन्याय हो रहा है। सरकार ऐसा होने दे रही है।”
सरकार से बातचीत पर CJP का बयान
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया कि प्रशासन की ओर से सरकार और आंदोलनकारियों के बीच बातचीत शुरू कराने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अब तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट प्रस्ताव सामने नहीं आया है। सौरव दास ने कहा, “प्रशासन सरकार के साथ बातचीत शुरू करने की कोशिश कर रहा है। वे बहुत देर से आए हैं, लेकिन हमने खुले दिल से कहा है कि हम उनसे बात करने को तैयार हैं। अभी तक उनकी तरफ से कोई स्पष्ट बात नहीं कही गई है। अब फैसला उन्हें ही करना है।”
उन्होंने सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की सेहत का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्होंने अपनी भूख हड़ताल जारी रखी है। दास के अनुसार, वांगचुक ने देशभर के उन युवा प्रदर्शनकारियों को शुभकामनाएं भेजी हैं, जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन में हिस्सा लिया है। सौरव दास ने आगे कहा कि जल्द ही एक शांतिपूर्ण संसद मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पिछले 30 दिनों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है और आंदोलनकारियों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें उठाई हैं।
छावनी बनी दिल्ली, जंतर-मंतर से संसद तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च को देखते हुए सोमवार को राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर से लेकर संसद भवन तक पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर दिल्ली पुलिस के साथ-साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत ‘वज्र वाहन’ भी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। जंतर-मंतर से संसद जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के आसपास भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर आवाजाही पर नजर रखी है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


