Odisha Desk, याजपुर: ओडिशा के याजपुर जिले के दशरथपुर में एक तरफ जहां वैतरणी और काणी नदी की बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान भीषण राजनीतिक तनाव उत्पन्न हो गया। मुख्यमंत्री के दौरे के समय बीजेडी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई। इस घटना के बाद इलाके का माहौल बेहद गर्म हो गया और बीजेडी कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने धरना प्रदर्शन किया।

घटना के विरोध में मंगलपुर पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों और बीजेडी समर्थकों ने दशरथपुर थाने के बाहर लगभग दो घंटे तक जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

बीजेडी की जिला परिषद सदस्य मामिना मलिक ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके साथ गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की करते हुए अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने इस शिकायत पर मामला (केस नं. 181/26) दर्ज किया है, जिसमें 50 से अधिक बीजेपी कार्यकर्ताओं को नामजद किया गया है।

बीजेडी नेता और पूर्व सरपंच शिशिर कुमार धल ने आरोप लगाया कि बीजेपी युवा मोर्चा अध्यक्ष के नेतृत्व में 20 से अधिक लोगों ने उन पर जानलेवा हमला किया तथा सोने की चेन, नकदी और चश्मा छीन लिया। इस पर पुलिस ने दूसरा केस (केस नं. 182/26) दर्ज किया है।

दूसरी ओर, बीजेपी के जोन अध्यक्ष सुनील राउत ने बीजेडी कार्यकर्ताओं पर पलटवार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने शिकायत की है कि बीजेडी समर्थकों ने लाठी और धारदार हथियारों से उन पर हमला किया तथा 10,000 रुपये नकद छीन लिए।

दशरथपुर थाना प्रभारी (IIC) सुब्रत कुमार साहू ने बताया कि दोनों पक्षों की परस्पर विरोधी शिकायतों के आधार पर कुल 4 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाढ़ से जूझ रहे दशरथपुर में राहत कार्यों के बीच हुई इस राजनीतिक हिंसा ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m