अजयारविंद नामदेव, शहडोल। एक ओर पूरा शहडोल जिला भारी बारिश से जूझ रहा है, जनजीवन प्रभावित है और प्रशासन लोगों को सुरक्षित रहने की हिदायत दे रहा है। वहीं दूसरी ओर जिले के गोरतरा ग्राम पंचायत स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय से सामने आया एक वीडियो व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर स्कूल में पढ़ने वाले मासूम बच्चे जान जोखिम में डालकर स्कूल की छत और छज्जे की सफाई करते नजर आ रहे हैं।

READ MORE: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की सुबह डबल मर्डर से सनसनीः पति ने पत्नी और मासूम बेटी को उतारा मौत के घाट

बताया जा रहा है कि बारिश के बीच स्कूल की छत की दीवार और छज्जे पर जमा गंदगी साफ करने का काम बच्चों से कराया गया, वीडियो में बच्चे ऊंचाई पर चढ़कर सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए, वहां उनसे जोखिम भरा सफाई कार्य कराया जाना बेहद चिंताजनक नजर आ रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि सफाई की जरूरत थी तो बच्चों को ऊंचाई पर चढ़ाने के बजाय जिम्मेदार कर्मचारियों या सुरक्षित व्यवस्था के जरिए यह काम क्यों नहीं कराया गया, बारिश के दौरान छत और छज्जे पर फिसलन का खतरा और भी बढ़ जाता है। ऐसे में जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। 

READ MORE: खूबसूरत चेहरा, पीछे ठगी का साम्राज्य! सरकारी अफसर बनकर मुलाकात, फिर ऐसे फंसाते थे शिकार

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों के बीच भी चिंता का माहौल है। सवाल यह भी है कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा के लिए तय मानकों की निगरानी कौन कर रहा है और आखिर किसकी अनुमति से मासूम बच्चों को इस तरह जोखिम में डालकर सफाई का काम कराया गया। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m