उमेश यादव, सागर। भ्रष्टाचार के खिलाफ सागर से लोकायुक्त पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लोकायुक्त की टीम ने शिक्षा विभाग की एक महिला बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा है। महिला अधिकारी ने यह रिश्वत स्कूल के ही एक शिक्षक से उनका एरियर निकालने के एवज में मांगी थी। लोकायुक्त की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है।
ये भी पढ़ें: ‘कूनो’ पर शिकारियों की नजर! कांग्रेस ने चीतों का शिकार कर बेचने का लगाया आरोप, डिप्टी CM ने किया पलटवार
कैबिन के अंदर ही धराशायी हुआ रिश्वत का खेल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई सागर के प्रसिद्ध सांदीपनी स्कूल परिसर में हुई। यहां शिक्षा विभाग की लेखापाल गांधाली कदम पदस्थ हैं। लोकायुक्त पुलिस ने पूरी प्लानिंग के साथ जाल बिछाया और जैसे ही शिक्षक ने गांधाली कदम को उनके कैबिन के अंदर रिश्वत के नोट थमाए, वैसे ही पहले से तैयार बैठी लोकायुक्त की टीम ने उन्हें दबोच लिया।
एरियर राशि निकालने के लिए मांगी थी घूस
शिकायतकर्ता शिक्षक ने लोकायुक्त को बताया था कि उनकी रुकी हुई एरियर राशि को निकालने और बिल पास करने के एवज में लेखापाल गांधाली कदम द्वारा 3,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान होकर शिक्षक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस सागर से कर दी।
ये भी पढ़ें: चिलचिलाती धूप के बीच अचानक बरसी आफत, ग्रीष्मकालीन फसलें खराब होने के डर से बढ़े किसानों के माथे पर बल
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। पहली किश्त या मोलभाव के बाद तय हुई 2,500 रुपये की रकम जैसे ही आरोपी महिला बाबू को दी गई, लोकायुक्त ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

