मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और दीर्घकालिक पेयजल परियोजना की बड़ी घोषणा की है।

गुरुग्राम। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस गुरुग्राम को विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करने पर है। इसके लिए सड़क, मेट्रो, आरआरटीएस, जल निकासी और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाओं पर काम किया जा रहा है, ताकि गुरुग्राम वैश्विक स्तर का आधुनिक शहर बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए इस बार पहले से व्यापक तैयारियां की गई हैं। ड्रेनों की सफाई, रिचार्ज सिस्टम और अन्य जरूरी कार्य समय रहते पूरे किए जा रहे हैं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को कम से कम परेशानी हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

उन्होंने बताया कि गुरुग्राम की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एक दीर्घकालिक पेयजल परियोजना पर कार्य चल रहा है। इस योजना के पूरा होने के बाद अगले लगभग 50 वर्षों तक शहर में पेयजल संकट की स्थिति नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत नीतियां ही विकास का आधार होती हैं और केंद्र व हरियाणा सरकार की जनहितैषी नीतियों के कारण प्रदेश में आधारभूत ढांचे का विस्तार, निवेश में वृद्धि और लोगों का सरकार पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसल विविधीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सरकार किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ बागवानी और अन्य लाभकारी फसलों की ओर प्रोत्साहित कर रही है। इसके अलावा एमएसपी पर खरीद, प्राकृतिक खेती, पराली प्रबंधन और प्रसंस्करण इकाइयों के माध्यम से किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक बिमला चौधरी, तेजपाल तंवर, मुकेश शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय, एडवाइजर राजीव जेटली सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।