राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में आज विकास और जन-कल्याण का एक ऐतिहासिक दिन रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले की 84 वन समितियों से जुड़े लगभग 40 हजार तेंदूपत्ता संग्राहक सदस्यों के खातों में 26.56 करोड़ रुपये की लाभांश राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से वितरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंडलावासियों को लगभग 460 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी और मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित कर प्रोत्साहित किया।
‘लाल सलाम’ को लेकर क्या बोले मुख्यमंत्री?
मंडला में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आशीर्वाद और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने ‘लाल सलाम’ को आखिरी सलाम कर दिया है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि मंडला की जनता हमारे दिल के बेहद करीब है और अब इस क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में हिंसा और भय की जगह शांति, विकास और सुशासन का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और सेवा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार के वित्तीय प्रबंधन और प्रयासों का ही परिणाम है कि प्रदेश का बजट जो कभी 22 हजार करोड़ रुपये हुआ करता था, वह बढ़कर अब 4.38 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी और आत्मीय संवाद
कार्यक्रम की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को अपने हाथों से स्कूटी की चाबियां सौंपीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उनकी सफलता की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। तेंदूपत्ता संग्राहकों को लाभांश मिलने और करोड़ों के विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण से मंडला जिले के आदिवासियों और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

