शब्बीर अहमद, भोपाल। UCC In MP: मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसे लेकर बैठकों का दौर लगातार जारी है। इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने संकेत दिए हैं कि इसी मानसून सत्र के दौरान यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि मानसून सत्र में UCC को लेकर विधेयक लाया जाएगा। महाकाल चाहेंगे तो इसी सत्र में UCC विधेयक पास होगा। सीएम ने आगे कहा कि विधानसभा के सत्र में हमारी सरकार के कई विषयों को लेकर हम आएंगे। इसमें से एक सौभाग्य से कॉमन सिविल कोड की तरफ हम बढ़ रहे हैं। महाकाल चाहेंगे तो इसी सत्र में यह पारित होगा। बता दें कि 20 जुलाई से 24 जुलाई तक पांच दिवसीय मानसून सत्र बुलाया गया है।
NEET री एग्जाम में तैनात रहेगी फोर्स
NEET री एग्जाम की तैयारी को लेकर भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नीट को लेकर हमारी सरकार भारत सरकार के साथ लगातार सहयोग में है। सारे प्रबंध कर रहे हैं जिसमें किसी कारण से भी दोबारा ऐसे नौबत ना आए जो बीते समय हुई थी। 11 से जो बच्चे आएंगे उनके रोल नंबर उनका वेरिफिकेशन ऐसे कई काम करेंगे। हमने निर्देश जारी किए हैं जहां शहरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में छात्र आते हैं।
सीएम ने आगे कहा कि महानगरों में बड़े फोर्स लगाएंगे। रिफ्रेशमेंट का भी सेंटर चालू करने का हमने कहा है। पीने का पानी अच्छा हो और सभी इंतजाम हो।जिनके अभिभावक है उनके लिए भी वहां इंतजाम किए जाएं। बच्चों के एग्जाम सही तरीके से हो जाए इसके लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।
UCC की उच्च स्तरीय समिति का कल होगा आगमन
कुमार इंदर, जबलपुर। इधर जबलपुर में UCC को लेकर सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं। यूनिफार्म सिविल कोड (UCC) की उच्च स्तरीय समिति कल आएगी। संस्कृति थियेटर भंवरताल गार्डन में दोपहर 3.30 बजे उच्च स्तरीय समिति की बैठक होगी। UCC के लिए आम जनों के सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। इस दौरान विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि अपना सुझाव रख सकेंगे। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि ऑनलाइन भी UCC की वेबसाइट पर 22 जून तक सुझाव दिए जा सकेंगें।

