राहुल शर्मा, भिंड। मध्य प्रदेश के दतिया में विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म है। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व गृह मंत्री और दतिया के कद्दावर नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। टिकट बदलने के फैसले के बाद दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव भी किया गया।जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

इसी राजनीतिक हलचल के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल भिंड जिले के लहार विधानसभा क्षेत्र के भाटन ताल पहुंचेंगे। यहां वे लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि अंतरित करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री लहार क्षेत्रवासियों के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि दतिया उपचुनाव में टिकट परिवर्तन के बाद भाजपा को भितरघात का डर बना हुआ है। ऐसे में लहार के इस कार्यक्रम को संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर मंच के पीछे पांच विशेष कक्ष बनाए गए है जहां मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी दतिया उपचुनाव की रणनीति तथा संगठनात्मक स्थिति पर चर्चा कर सकते हैं। अब सबकी नजर दतिया विधानसभा उपचुनाव पर टिकी है। देखना होगा कि भाजपा का नया दांव कितना सफल साबित होता है और चुनावी मुकाबले में जीत किसके खाते में जाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m