प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को उज्जैन में 539 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। सीएम ने “सिंहस्थ-2028” की तैयारियों के तहत धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने वाल्मीकि धाम में धर्मशाला बनाने, जूना सोमवारिया में प्रस्तावित थाने का नाम वाल्मीकि धाम थाना रखने और वीर दुर्गादास छत्री के पास से रोड निकालने की घोषणा की।
वाल्मीकि धाम पर भूमिपूजन के बाद मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आसपास के देवस्थानों पर विकास कार्य किए जा रहे है। उज्जैन में बनने वाले अमृत द्वार और पांचजन्य द्वार का भूमिपूजन भी यहां किया गया है। मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कहा कि महर्षि वाल्मीकि के धाम पर आकर मैंने महर्षि वाल्मीकि को नमन किया। साथ ही राज्यसभा सांसद परम पूज्य उमेशनाथ महाराज के आश्रम में उनके साथ इस पूरे आयोजन में भागीदार रहा। वाल्मीकि जयंती के अवसर पर हमने शहर में श्रद्धालुओं की सुविधा और विकास के लिए लगभग 539 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया है।
ये भीपढ़ें: धार्मिक पर्यटन का नया अध्याय: नलखेड़ा में बनेगा भव्य ‘मां बगलामुखी देवी लोक’, सीएम डॉ मोहन यादव ने 85.40 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन
विकास कार्यों का सिलसिला रहेगा जारी
सीएम ने कहा कि उज्जैन विकास प्राधिकरण और शासन के माध्यम से किए जा रहे ये कार्य सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के साथ-साथ स्थायी प्रकृति के भी हैं। ये कार्य आने वाले समय में उज्जैनवासियों और श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होंगे। वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मेरी ओर से सभी को बहुत-बहुत बधाई। मुझे उम्मीद है कि जिस प्रकार विकास कार्यों का सिलसिला चल रहा है, वह लगातार जारी रहेगा। ये कार्य सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ उसके बाद भी उज्जैन आने वाले यात्रियों के लिए स्थायी सौगात साबित होंगे। मेरी ओर से शरद पूर्णिमा के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई।
प्रदेश के धार्मिक पर्यटन को लेकर कही ये बात
उन्होंने आगे कहा कि दर्जी समाज का धाम भी एक अत्यंत पवित्र स्थान है। यहां पूरे देश और प्रदेश से श्रद्धालु आते है। मैं वहां भी नमन करने जा रहा हूं। इससे पहले बगलामुखी धाम में लगभग 85 करोड़ रूपए के कार्यों का शुभारंभ कर के आया हूं। बगलामुखी धाम भी हमारी आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। देशभर से अलग-अलग स्थानों के श्रद्धालु यहां पूजन, हवन और अनुष्ठान कराने आते है। हम प्रत्येक देवस्थान पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं कर रहे हैं, ताकि उनकी परेशानियां कम हों और मध्य प्रदेश धार्मिक पर्यटन के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

